
17 सितंबर से लापता 5 वर्षीय सुफियान का क्षत-विक्षत शव मिला, आक्रोश में सड़क जाम
कब्रिस्तान के पास बलान नदी किनारे मिला शव, एसपी ने लोगों को समझाकर हटवाया जाम; एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को लगाया गया
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
तेघड़ा प्रखंड की धनकौल पंचायत के वार्ड संख्या-5 निवासी मोहम्मद शकील के पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद सुफियान का मंगलवार को कब्रिस्तान के पास बलान नदी किनारे क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 17 सितंबर को घर के पास से खेलने निकला सुफियान पांच दिन से लापता था। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने भगवानपुर-बगराहा मार्ग जाम कर दिया। एसपी मनीष कुमार के मौके पर पहुंचने और लोगों को समझाने के बाद जाम हटाया गया।
विश्वकर्मा पूजा के दिन निकला था खेलने
परिजनों के अनुसार सुफियान 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन करीब 3:30 बजे घर के आसपास खेलने निकला था। करीब 4 बजे तक घर नहीं लौटने पर मां शबाना खातून ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता मोहम्मद शकील ने तेघड़ा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजन और ग्रामीण लगातार बच्चे की तलाश में जुटे रहे।
मवेशी चराने गए लोगों ने देखा शव

मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मवेशी चराने गए लोगों की नजर कब्रिस्तान के पास पड़े बच्चे के क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही देखते-ही-देखते हजारों लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार शव की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रथमदृष्टया शव एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उस पर किसी रासायनिक पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका की भी जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा के साथ भगवानपुर, बछवाड़ा और फुलवरिया थाना की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से पूरा कब्रिस्तान क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जताने में लगे हुए हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से भी आसपास के इलाके में छानबीन कराई गई। जांच के दौरान बच्चे का सिर जंगल से बरामद हुआ, जबकि हाथ और पैर नहीं मिल सके।
एसडीपीओ परिजनों और ग्रामीणों को लगातार समझाते रहे। करीब छह बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।
दिल्ली में मजदूरी करते थे पिता, बीमारी के कारण लौटे थे गांव
मोहम्मद शकील पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। तबीयत खराब होने के कारण करीब तीन महीने पहले गांव लौटे थे और इलाज करा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार शकील मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति हैं और किसी से उनका विवाद नहीं था। इसके बावजूद बच्चे के साथ हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
सुफियान दो बहनों के बाद परिवार का बेटा था और उसका एक छोटा भाई भी है। बेटे की मौत की खबर से मां शबाना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है और घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश के साथ चिंता भी है। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

