दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव 27 से, निकलेगी 12 किमी निशान पदयात्रा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। श्री श्याम कला भवन के तत्वावधान में इस वर्ष भी दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है।
27 मार्च रंगभरी फाल्गुन शुक्ल एकादशी पर धनबाद जमशेदपुर मार्ग स्थित रघुनाथपुर से चांडिल श्याम मंदिर तक 12 किलोमीटर लंबी निशान पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा में शामिल श्याम प्रेमी पैदल चलते हुए चांडिल बाजार स्थित श्याम मंदिर पहुंचकर निशान अर्पित करेंगे। इसके पश्चात शाम 7 बजे से मंदिर परिसर में भजन-संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय व बाहर से आई भजन मंडलियां प्रस्तुति देंगी।
उन्होंने बताया कि 28 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर में बाबा श्याम का ज्योति पाठ किया जाएगा। साथ ही बारस का ज्योत प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि पूरे फाल्गुन माह मंदिर में प्रतिरात्रि संकीर्तन हो रहा है। बाबा श्याम का प्रतिदिन विभिन्न फूलों व फलों से विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। महोत्सव से पूर्व बाबा श्याम को विधिवत ध्वजा पूजन कर अर्पित किया गया।
कार्यक्रम में पवन शर्मा, दुर्गा चौधरी, सुभाष शर्मा, विकास रूंगटा, हरीश सुल्तानिया,मोंटी चौधरी, आकाश शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित थे। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

