मुंबई. आरबीआई मॉनेटरी पॉलिसी के निणज़्य के एलान के पहले शेयर बाजार में शानदार रैली देखने को मिल रही है. 5 फरवरी के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स ने अपना नया रिकॉर्ड बना दिया है. सेंसेक्स जहां पहली बार 51000 के पार निकल गया, वहीं निफ्टी ने भी 15000 का बैरयर तोड़ दिया है.
माना जा रहा है कि बजट के बाद आरबीआई के एलानों से भी बाजार में पार्टी जारी रह सकती है. आज सेंसेक्स ने 51031 का नया रिकॉर्ड बनाया है. फिलहाल सेंसेक्स में 270 अंकों की तेजी है और यह 50885 के स्तर पर दिख रहा है. वहीं निफ्टी भी 75 अंक बढ़कर 14971 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है.
आरबीआई के ऐलानों के पहले बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में जोरदार रैली है. निफ्टी बैंक इंडेक्स 2.5 प्रतिशत तो पीएसयू बैंक इंडेक्स करीब 8 फीसदी मजबूत हुआ है. एसबीआई में तिमाही नतीजों के बाद करीब 10 फीसदी की तेजी है. महिंद्रा एंड महिंद्रा टॉप लूजर दिख रहा है. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो गुरूवार को प्रमुख तीनों अमेरिकी बाजार बढ़त पर बंद हुए. वहीं 5 फरवरी को एशियाई बाजारों में भी तेजी है.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 16 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है. एसबीआई में 10 फीसदी तक तेजी आई है. इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी, ओएनजीसी और टाइटन कंपनी टॉप गेनर्स में शामिल हैं. टॉप लूजर्स की बात करें तो एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, पावरग्रिड, टीसीएस और आईटीसी शामिल हैं.

