लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर भड़कीं विधायक पूर्णिमा साहू, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को बर्मामाइंस स्थित लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी, दवाओं का अभाव, खराब उपकरण और मरीजों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
विधायक ने सिविल सर्जन और जेएनएसी के उप नगर आयुक्त से फोन पर बात कर स्वास्थ्य केंद्र की कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों के चार महीने से लंबित वेतन भुगतान और स्वास्थ्य केंद्र के लिए आवंटित राशि के उपयोग की जानकारी भी मांगी।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो मामला राज्य सरकार और उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।

