राष्ट्र संवाद संवाददाता
यूसील की अति संवेदनशील भाटिन माइंस में सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर 1 जून को कैंटीन का उद्घाटन कर दिया गया। उद्घाटन समारोह में करीब 20 बाहरी लोगों को माइंस परिसर के अंदर बुलाया गया, जो सीधे तौर पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।
उद्घाटन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यूसील प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसे माइंस की सुरक्षा में बड़ी सेंध माना जा रहा है। मामला सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसकी शिकायत यूसील प्रबंधन के साथ-साथ पीएमओ कार्यालय में भी कर दी।
शिकायत के बाद यूसील प्रबंधन ने जांच कमेटी बनाकर त्वरित कार्रवाई करते हुए भाटिन माइंस के एडिशनल पर्सनल अधिकारी महेश साहू को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया वही उसके बदले महिला अधिकारीप्रीति टंडन को वहां का प्रभार दिया गया।
वहीं सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की कड़ी चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा हुई और कड़ी
घटना के बाद यूसील प्रबंधन ने भाटिन माइंस में सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद कर दिया है। अब माइंस परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यूसील के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परमाणु खनिज क्षेत्र होने के कारण भाटिन माइंस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बक्शा नहीं जाएगा।

