
नई दिल्ली: भारतीय रेल ने मुसाफिरों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है. रेलवे अब जनरल डिब्बे में भी यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट देगा. रेलवे की इस नई शुरुआत के तहत आपकी सीट का नंबर आपके फोटो के साथ आपके वॉट्सऐप पर आ जाएगा. इससे प्लेटफॉर्म पर लंबी लाइनों के झंझट से तो छुटकारा मिलेगा ही साथ ही सीट को लेकर गड़बड़ी की आशंका भी कम हो जाएगी.इस योजना की शुरुआत पूर्व-मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने पायलट प्रॉजेक्ट के रूप में पूरब यानी पास फॉर अनरिजवर्ड बोर्ड नाम की एक योजना शुरू की है. वहीं रेलवे अब इसे पूरे देश में लागू करने पर काम कर रहा है. इस योजना के तहत जनरल डिब्बों में अनारक्षित सीटों पर भी आपको कन्फर्म सीट मिल सकेगी. अनारक्षित टिकट देते वक्त ही यात्रियों को बोर्डिंग पास दिया जा रहा है.इस टिकट को लेने के लिए जब आप ट्रेन के लिए रेलवे काउंटर से टिकट लेंगे तो साथ ही में ही एक पूरब का काउंटर बनाया गया है. यहां पर पहचान पत्र देखकर आपकी फोटो खींच ली जाएगी. इसके बाद आपके वॉट्सऐप नंबर पर डिजिटल टिकट आपको भेजी जाएगी, जिसमें आपकी फोटो लगी होगी.

