भिंड. गोरमी के कोट परोसा में सिद्ध बाबा मंदिर के पास भैंस चराने गए पिता-पुत्र क्वारी नदी में डूब गए. देर शाम पिता का शव बरामद कर लिया गया, जबकि बेटे की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि पिता अपने दो पुत्रों के साथ भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहे थे, तभी बड़े बेटे का हाथ छूटने से वह डूबने लगा. पिता ने उसे बचाने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों नदी में डूब गए. इधर, छोटा बेटा तैरकर बाहर निकल आया. घटना शनिवार 18 अप्रैल की शाम चार बजे की है. पिता की तलाश में प्रशासन ने नदी में रेस्क्यू कराया.
परोसा निवासी बलराम (35) पुत्र देवसिंह शनिवार की सुबह रोजाना की तरह अपने 12 साल के बड़े बेटे राहुल और 8 साल के छोटे बेटे भानू के साथ खेतों की तरफ भैंस चराने गया था. दोपहर करीब 12 बजे भैंस नदी पार कर दूसरी ओर चली गई. बलराम ने कहा कि चलो भैंस को वापस ले आते हैं. इतने में छोटा बेटा भानू एक भैंस की पूंछ पकड़कर नदी के दूसरी ओर चला गया, जबकि बलराम अपने बड़े बेटे राहुल को लेकर भैंस पकडऩे लगे. वे दोनों भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहे थे, तभी बड़े बेटे का हाथ छूट गया और नदी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए बलराम भी उसकी ओर बढ़े, लेकिन नदी में पानी अधिक होने से पिता-पुत्र दोनों डूबते चले गए. बाद में बलराम का शव मिल गया, जबकि बड़े बेटे राहुल का पता नहीं चल सका है.
डैम होने से क्वारी नदी में अधिक है पानी
परोसा के पास ही तीन किमी दूर क्वारी नदी पर डैम बना है, इसलिए यहां पानी अधिक रहता है. घटना के बाद नायब तहसीलदार शिवदत्त कटारे और थाना प्रभारी मनोज राजपूत पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. परिवार में दो बच्चों के अलावा एक बेटी भी है. मौके पर पहुंचे एसडीएम गणेश जयसवाल ने मदद का भरोसा दिया है.

