*काण्ड्रा समेत कई पंचायतों में ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से परेशानी, सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी*
मृत्युंजय बर्मन,
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
पीएसएस-3 के फीडर संख्या-6 से जुड़े काण्ड्रा समेत कई पंचायत क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लगातार ट्रिपिंग, घंटों बिजली गुल रहना, लो-वोल्टेज और अचानक वोल्टेज बढ़ने की समस्या से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। काण्ड्रा के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा ने विद्युत विभाग को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्थायी सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उपभोक्ताओं के अनुसार फीडर-6 की समस्या केवल बिजली कटौती तक सीमित नहीं है। कई बार बिजली आने के बाद भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर, पानी की मोटर और अन्य उपकरण सुचारु रूप से नहीं चलते। दूसरी ओर अचानक वोल्टेज बढ़ने से टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने इसके पीछे फीडर और ट्रांसफॉर्मर पर बढ़ता भार, क्षमता से अधिक लोड, जर्जर कंडक्टर, ढीले कनेक्शन, खराब इंसुलेटर, फेज असंतुलन, न्यूट्रल की समस्या और अर्थिंग की खामियों जैसे संभावित तकनीकी कारणों की जांच की मांग की है। पेड़ों की शाखाओं के कारण लाइन में फॉल्ट तथा नियमित पेट्रोलिंग और मेंटेनेंस की कमी को भी समस्या का कारण बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को केवल फॉल्ट आने के बाद मरम्मत करने के बजाय फीडर का तकनीकी ऑडिट, लोड बैलेंसिंग और ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता का आकलन करना चाहिए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर और मजबूत लाइन की व्यवस्था भी की जाए।
श्री मुंडा ने चेतावनी दी है कि अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जल्द सुधार नहीं हुआ तो प्रभावित पंचायतों के उपभोक्ता एकजुट होकर विद्युत कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन और घेराव करेंगे। इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।

