*1 सितंबर से चलेगा विशेष अभियान*
*निरक्षर लोगों का पंजीकरण कराने पर जोर* *बीआरपी-सीआरपी व शिक्षकों को सौंपी गई जिम्मेदारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में 1 सितंबर से शुरू होने वाले उल्लास साक्षरता पखवाड़े को सफल बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर शनिवार को विभिन्न प्रखंडों में विशेष बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कार्ययोजना तैयार की गई। बैठकों में बीआरपी, सीआरपी, संकुल साधन सेवी, विद्यालय प्रभारी एवं शिक्षक शामिल हुए।
चांडिल बीआरसी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी प्रभा शंकर तिवारी ने की। उन्होंने संबंधित कर्मियों एवं शिक्षकों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रखंड स्तरीय उल्लास सेल का गठन किया गया। साथ ही, 1 सितंबर को प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का विधिवत शुभारंभ करने का निर्णय लिया गया।
संकुल साधन सेवियों के बीच कार्यों का बंटवारा करते हुए उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि 1 से 3 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र के निरक्षर लोगों का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके लिए स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने और उन्हें अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि 30 अगस्त को सभी संकुल साधन सेवी अपने संकुल के शिक्षकों एवं वालंटियर के साथ जूम बैठक करेंगे। इसमें अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना, बीआरपी कांचन सहित विभिन्न संकुलों के साधन सेवी एवं शिक्षक उपस्थित थे।

