ग्राम प्रेन्योर” कार्यक्रम में युवाओं को मिला उद्यमिता का मंत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गोविंदपुर: ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक्सलर्स चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, राज ब्रदर्स एवं डी-फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गोविंदपुर स्थित एक निजी कंपनी परिसर में “ग्राम प्रेन्योर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेंबर के निदेशक रवि राज ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन, कौशल विकास और निरंतर प्रयास से वे सफल उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने स्टार्टअप, मार्केटिंग, फंडिंग और नवाचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
रवि राज ने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि केवल ट्रेंड देखकर स्टार्टअप शुरू नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी क्षमता, जोखिम उठाने की ताकत और परिस्थितियों को समझकर ही उद्यमिता के क्षेत्र में कदम रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई युवा अपने कौशल के आधार पर अच्छी नौकरी प्राप्त करता है तो वह भी बेहतर विकल्प है।
कार्यक्रम में ग्रामीण युवाओं को आने वाली चुनौतियों जैसे संसाधनों की कमी, नई तकनीक, प्रशिक्षण एवं नेटवर्किंग की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। रवि राज ने अपनी 14 वर्षों की उद्यमिता यात्रा साझा करते हुए “जीरो से हीरो” तक के अनुभव बताए।
इस अवसर पर राज ब्रदर्स के ऋतुराज ने प्रतिभागियों का पंजीकरण कराया, जबकि कार्यक्रम को सफल बनाने में रोहित श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

