
कल्पनापुरी के जंगल में युवक की बोतल से पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। कल्पनापुरी श्मशान भूमि से सटे जंगल में एक युवक की कथित तौर पर बोतल से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे जंगल की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल से ही दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अचानक की गई कार्रवाई के कारण दोनों को भागने का मौका नहीं मिला।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।

