
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल कल्चरल सेंटर (टीसीसी), सोनारी परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार को सरदार मुंडा/नाया/डाकुआ हाता स्वशासन व्यवस्था, पूर्वी सिंहभूम की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया।
संगठन ने कहा कि 1832-33 के ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह के महानायक गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा की थी। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से भूमिज समाज की ऐतिहासिक पहचान को सम्मान मिलेगा और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
प्रदर्शनकारियों ने टाटा स्टील प्रबंधन से प्रतिमा स्थापना पर सहमति, स्थल चयन और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। साथ ही टीसीसी परिसर में उनके जीवन, संघर्ष और भूमिज विद्रोह से संबंधित ऐतिहासिक जानकारी प्रदर्शित करने की मांग उठाई। संगठन ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाई जाती रहेगी।

