सरायकेला: आदित्यपुर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला (Saraikela): सरायकेला-खरसावां जिले में एक युवक पर सोमवार को सुबह धारदार हथियार से हमला किया गया. इसमें वह गंभीर रूप घायल हुआ है. जमशेदपुर स्थित टीएमएच में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की है. आरआईटी मोड़ के पास युवक पर जानलेवा हमला किया गया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसके माध्यम से पुलिस हमलावर का पता लगा रही है. युवक पर जानलेवा हमले के कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज में हमलावर बाइक पर बैठे युवक पर ताबातोड़ हमला करता दिख रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार 2 युवक सड़क किनारे बात कर रहे थे. एक युवक बाइक पर था जबकि दूसरा खड़ा रहा. बात करने के दौरान ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. इसी बीच युवक में बाइक पर बैठे युवक पर हमला करना शुरू कर दिया. बाइक पर बैठे युवक के साथ एक बच्चा भी था जो इसमें बाल-बाल बच गया. घटना के बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकला. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को पहले आदित्यपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए. स्थिति गंभीर होने पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया. लोगों का कहना है कि हमलावर ने युवक पर ताबातोड़ कई वार किए.

