चक्रधरपुर में घर में घुसकर युवती की हत्या, धारदार हथियार से वार; युवक हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के शीतला मंदिर इलाके से , जहां एक किराये के मकान में रह रही युवती की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान अनीता बिंद के रूप में की गयी है। अनीता बिंद सोनुआ प्रखंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी। अनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली थी।

बताया जा रहा है कि अनीता करीब 15 दिन पहले ही शीतला मंदिर इलाके में किराये के मकान में रहने आई थी। गुरुवार को एक युवक को अनीता के किराये के मकान के अन्दर संदिग्ध स्थिति में घुसते देखा गया। मकान मालिक ने उससे पूछताछ की तो युवक ने खुद को अनीता का परिचित और प्रेमी बताया तथा उससे मिलने आने की बात कही।
इसके बाद जब मकान के अंदर जाकर देखा गया तो अनीता खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। संदिग्ध युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक मकान में कैसे पहुंचा, दोनों के बीच क्या संबंध था और हत्या के पीछे आखिर क्या कारण था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद शीतला मंदिर इलाके में दहशत है और लोगों के बीच मामले को लेकर चर्चा का माहौल गर्म है

