
नएच-18 पर ट्रेलर की चपेट में आकर युवक की मौत
*रावतरा मोड़ पर हादसे के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजे और नौकरी की मांग पर 8 घंटे जाम, गर्भवती पत्नी को नौकरी, एक लाख तत्काल सहायता और सरकारी मुआवजे पर बनी सहमति*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र स्थित रावतरा मोड़ पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 25 वर्षीय अभिजीत गोराई की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर सुबह करीब नौ बजे एनएच-18 जाम कर दिया। मृतक की गर्भवती पत्नी को नौकरी, परिवार को उचित मुआवजा और रावतरा मोड़ पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर शुरू हुआ जाम शाम करीब पांच बजे वार्ता के बाद समाप्त हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, रावतरा निवासी अभिजीत मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चांडिल जाने के लिए एनएच-18 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान चांडिल से पुरुलिया की ओर जा रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर विपरीत दिशा में पहुंचकर उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अभिजीत को ग्रामीण टाटा मेन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण शव लेकर घटनास्थल पहुंचे और सड़क जाम कर दिया।
जाम के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। पति की मौत की खबर सुनकर मृतक की गर्भवती पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि रावतरा मोड़ लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है, लेकिन एनएचएआई की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने मोड़ पर गति नियंत्रण के उपाय, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा अवरोधक लगाने की मांग की। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो भी ग्रामीणों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
*एक लाख तत्काल सहायता और नौकरी पर सहमति*
जाम हटाने को लेकर प्रशासन, ग्रामीणों और संबंधित पक्षों के बीच वार्ता हुई। इसमें नीमडीह बीडीओ कुमार एस. अभिनव, चांडिल बीडीओ तुलेश्वर रोहिदास, चांडिल डीएसपी, थाना प्रभारी संतोष तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा, मृतक के पिता और अन्य परिजन शामिल हुए। वार्ता में सड़क निर्माण संवेदक एवं ट्रेलर मालिक की ओर से अंतिम संस्कार के लिए एक लाख रुपये नकद तत्काल देने तथा तेतलो टोल प्लाजा में मृतक की पत्नी को नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके अलावा सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने और मांगों पर लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीण शाम करीब पांच बजे जाम हटाने पर राजी हुए और एनएच-18 पर आवागमन सामान्य हो गया।

