द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन में प्रोजेक्ट लेखन पर कार्यशाला आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 1 अगस्त: द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, साकची के वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम. तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2024–2026) की छात्राओं के लिए “प्रभावी परियोजना (प्रोजेक्ट) तैयारी के आवश्यक तत्व” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ. सविता मिश्रा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. मो. एम. नज़री, विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग, करीम सिटी कॉलेज का स्वागत करते हुए छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शोध एवं परियोजना लेखन के माध्यम से अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. कुमारी अनामिका ने की। उन्होंने शोध और प्रोजेक्ट लेखन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मो. एम. नज़री ने दो सत्रों में प्रोजेक्ट लेखन की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विषय चयन, साहित्य समीक्षा, शोध पद्धति, डेटा संग्रहण, विश्लेषण, संदर्भ लेखन एवं निष्कर्ष तैयार करने की तकनीकों को विस्तार से समझाया। साथ ही एक नमूना परियोजना के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रोजेक्ट तैयार करने की चरणबद्ध प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यशाला में डॉ. सुशीला हाँसदा, डॉ. संगीता बिरुआ, डॉ. अनुराधा वर्मा, डॉ. सुनीता बंकिरा, डॉ. पूर्वा दुबे, प्रो. सुदीप्ता दास सहित एम.कॉम. तृतीय सेमेस्टर की सभी छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण परियोजना तैयार करने के लिए आवश्यक शोध कौशल और व्यावहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।

