मानगो में महिलाओं का अवैध कारोबार के खिलाफ मोर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, मानगो उलीडीह डिमना बस्ती में खुलेआम चल रहे मोबाइल डेली लॉटरी और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ स्थानीय महिलाएं गोलबंद हो गईं। भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह के नेतृत्व में महिलाएं सामूहिक रूप से उलीडीह थाना पहुंचीं और थानेदार को लिखित शिकायत सौंपी।

महिलाओं ने बताया कि डेली मोबाइल लॉटरी और अवैध शराब ने बस्ती का माहौल खराब कर दिया है। स्थिति यह हो गई है कि परिवार का राशन भी युवक नशे की लत के कारण बेच देते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अपराध, चोरी, आत्महत्या और झगड़े बढ़ते जा रहे हैं।

विकास सिंह ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन में यह कारोबार बंद नहीं हुआ, तो सैकड़ों महिलाएं अभियान चलाकर अवैध अड्डों को स्वयं ध्वस्त करेंगी। उन्होंने कहा कि पूरा मानगो अब डेली मोबाइल लॉटरी का होलसेल मंडी बन चुका है, जिस पर जिला प्रशासन को सख्ती से लगाम लगानी चाहिए।

थानेदार ने भरोसा दिलाया कि हर हाल में अवैध कारोबार को बंद कराया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


