विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर महिलाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
राष्ट्र संवाद सं
कुंडहित/जामताड़ा: झारखंड स्टेट लवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तहत मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न ग्राम संगठनों में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीनियर सेतु दीदी मुकुल मंडल ने किया।
कार्यक्रम में ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। महिलाओं को अपने परिवार और समाज को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगी तथा अपने परिवार, बच्चों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी।
मौके पर सीनियर सेतु दीदी मुकुल मंडल ने कहा कि महिलाओं की जागरूकता से परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता फैलाकर ही स्वस्थ, स्वच्छ और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम संगठनों की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

