जनगणना 2027 के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार ने की।
बैठक में जिले के सभी आठ चार्ज क्षेत्रों के अंतर्गत 1737 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों (एचएलबी) में चल रहे गणना कार्य की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना कार्य को गंभीरता से लेने तथा निर्धारित समय सीमा से पूर्व गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में कई एचएलबी में सिंकिंग और अन्य तकनीकी समस्याओं का मामला भी सामने आया, जिस पर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक मकान और परिवार का सही विवरण दर्ज किया जाना जरूरी है। उन्होंने फील्ड में कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को पारदर्शिता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

