रांची में 89 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार, पांच लाख रुपये की नशीली खेप बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। बिहार की ओर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची पहुंची एक महिला को पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बिहार की तरफ से एक महिला अवैध मादक पदार्थ लेकर बस के जरिए जुमार पुल बस स्टैंड पहुंचेगी और वहां से रांची शहर की ओर जाने वाली है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया और पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर संदिग्ध महिला का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 3:10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर महिला घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने का प्रयास करने लगी। हालांकि, छापामारी दल में शामिल महिला चौकीदार की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुन्नी देवी (43 वर्ष), पति बाबला राम, निवासी देवी मंडप के पास, कोकर बाजार, जतराटांड़, सदर थाना क्षेत्र, रांची बताया। महिला की विधिवत तलाशी लेने पर उसके काले रंग के पर्स में प्लास्टिक के पाउच में छिपाकर रखा 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से एक आई-टेल कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन और 20,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान महिला ने रांची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है।
मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22(बी)/23/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और नशीले पदार्थ के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामद सामान:
89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये
आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल फोन
20,000 रुपये नकद
मोबाइल में जियो कंपनी का सिम कार्ड

