साकची में विराट हिंदू सम्मेलन, सनातन एकता और सामाजिक जागरूकता का आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सनातनी हिंदुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे राम कृष्ण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म की रक्षा में महिलाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राधा गोविन्द मंदिर के महंत भारती महाराज ने अपने उद्बोधन में समाज में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की, ताकि सामाजिक और धार्मिक मूल्यों की स्थापना में कोई बाधा न आए। साथ ही उन्होंने जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट रहने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के सामाजिक सद्भाव संयोजक राकेश लाल ने कहा कि भारत में जन्म लेने मात्र से हम हिंदू हैं, किंतु वर्तमान परिस्थितियों में सतर्क, सशक्त और जागरूक हिंदू बनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समाज संगठित रहेगा तो देश सशक्त होगा, जबकि प्रांत, भाषा, जाति और गोत्र के नाम पर बंटने से समाज और राष्ट्र दोनों कमजोर होंगे।
इस अवसर पर साकची बाजार समिति के अध्यक्ष महावीर मोदी, महादेव लाल, सोमनाथ, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, सह विभाग कार्यवाह विद्यासागर लाभ, सह महानगर कार्यवाह मृत्युंजय, नगर कार्यवाह अमित, भाजपा नेता भरत सिंह, अमित अग्रवाल, विनय खुराना, मयूर पाठक, संदीप बर्मन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

