घरेलू विवाद में हिंसा, पति-पत्नी समेत पुत्र घायल; गांजा बिक्री का विरोध करने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर, : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर स्थित महावीर कॉलोनी रोड नंबर-15 में सोमवार शाम दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए, जिनमें पति-पत्नी और उनका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। तीनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया, जबकि दो नाबालिग बेटियों को भी चोटें आई हैं।
घायलों में महावीर कॉलोनी निवासी उमेश कुमार वर्मा (46), उनकी पत्नी उषा देवी (40), पुत्र गोपाल कुमार वर्मा (14) तथा बेटियां गुनगुन (16) और गौरी कुमारी (14) शामिल हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके पड़ोसी प्रेमनाथ साह, मंजू देवी और आकाश साह ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया।
उमेश वर्मा के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उनका आरोप है कि पड़ोसी परिवार कथित तौर पर गांजा बेचने का कारोबार करता है, जिसके कारण देर रात नशा खरीदने आने वाले लोग अक्सर उनके घर का दरवाजा खटखटाते थे। उन्होंने कई बार इस संबंध में आपत्ति जताई थी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
सोमवार को सड़क पर गंदा पानी बहाने और अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। उमेश वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार ने सड़क के बड़े हिस्से पर अवैध पार्किंग बनाकर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। दूसरे पक्ष का बयान भी सामने नहीं आ सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

