पशुधन विकास योजना के सहारे स्वरोजगार से जुड़ें ग्रामीण – संजीव सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड सरकार के पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पोटका प्रखंड में बत्तख (चूजा) वितरण योजना का शुभारंभ गुरुवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय के सभागार में विधायक संजीव सरदार ने किया l विधायक ने 51 किसानों को 15-15 बत्तख वितरित कर इस योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री के इस योजना से किसानों को मिलेगा अतिरिक्त आय का स्रोत
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की ओर से किसानों को खेती के अतिरिक्त आय स्रोत प्रदान करने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों आयोजित ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों द्वारा किए गए आवेदन के आलोक में यह योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत किसानों को बत्तख, सुकर, गाय, पोल्ट्री मुर्गा आदि अनुदान मूल्य पर दिए जा रहे हैं ताकि किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकें और खेती पर निर्भर न रहें।
ग्रामीणों को विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का किया आग्रह
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि जो लोग इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन करें और योजना का लाभ उठाएं। इस अवसर पर अंचलाधिकारी निकिता बाला, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार, थाना प्रभारी मनोज मुर्मू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

