परसुडीह में बच्ची की आड़ में चोरी, ग्रामीणों ने दबोचीं दो महिलाएं, 45 मिनट तक नहीं पहुंची पुलिस
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत संत रॉबर्ट स्कूल के पास स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. यहां गुलगुलिया गैंग की दो महिला सदस्यों ने एक मासूम बच्ची को ढाल बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण दोनों महिलाओं को मौके से कुछ ही दूरी पर पीछाकर पकड़ लिया गया. पीड़ित मकान मालिक अमन कुमार ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे. इसी बीच दोनों महिलाएं एक छोटी बच्ची को साथ लेकर घर में दाखिल हुईं ताकि किसी को उन पर शक न हो.
योजना के तहत एक महिला बाहर निगरानी कर रही थी, जबकि दूसरी महिला चुपके से कमरे में घुस गई. उसने अलमारी खोलकर उसमें रखे पैसे निकाल लिए. परिजनों को जब आहट मिली और वे कमरे में आए, तब तक महिलाएं चोरी कर भागने लगीं. परिजनों के अनुसार, महिलाओं ने अलमारी से 500 रुपये निकाले थे, जो छानबीन के दौरान उनके पास से बरामद भी हो गए. घटना के बाद भाग रही दोनों महिलाओं को अमन और स्थानीय लोगों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर दबोच लिया. इसके तुरंत बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई. स्थानीय लोगों ने लगभग 45 मिनट से अधिक समय तक पुलिस वैन का इंतजार किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. देर होते देख और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने आखिरकार दोनों महिलाओं को छोड़ देने में ही भलाई समझी. इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई बार आपातकालीन सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती है. स्थानीय लोगों ने परसुडीह पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है.

