14–15 मार्च को जमशेदपुर में भव्य विद्यापति स्मृति पर्व, प्रचार के लिए वाहन रवाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मिथिला सांस्कृतिक परिषद, जमशेदपुर की ओर से दो दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व समारोह का आयोजन 14 और 15 मार्च को गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से परिषद की ओर से दो प्रचार वाहनों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर और नगर पुलिस उपाधीक्षक सुनील चौधरी ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने बताया कि विद्यापति स्मृति पर्व समारोह मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और लोक-संस्कृति को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए परिषद के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि रवाना किए गए प्रचार वाहन शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देंगे और उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे। इन वाहनों के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर, बैनर और घोषणाओं के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
परिषद के पदाधिकारियों के अनुसार दो दिनों तक चलने वाले इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक संगीत, लोकनृत्य और मिथिला संस्कृति से जुड़े कई आकर्षक आयोजन होंगे, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजकों ने जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर मिथिला की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का आनंद लेने की अपील की है।

