विक्की नंदी की हत्या की साजिश नाकाम, दो पिस्तौल और 19 गोलियों के साथ तीन गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी की हत्या की कथित साजिश नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरोपियों के पास से दो देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 19 जिंदा गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।
सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी पुरानी रंजिश के कारण विक्की नंदी की हत्या की योजना बना रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने कथित साजिश को विफल कर दिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

