नगर विकास मंत्री सुदीप्तो कुमार सोनू ने स्व. मंत्री रामदास सोरेन को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : नगर विकास मंत्री सुदीप्तो कुमार सोनू मंगलवार को स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन के आवास पहुंचे। उन्होंने रामदास सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर मंत्री सोनू ने कहा कि “रामदास दा ने अपने पूरे जीवन काल में चाहे झारखंड आंदोलन हो या झारखंड मुक्ति मोर्चा का संगठन, हमेशा पूरी निष्ठा से उसे सींचा। उनका यूं चले जाना हमारे लिए और पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”

उन्होंने आगे कहा कि रामदास सोरेन बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उम्र में बड़े होने के कारण हम सभी उन्हें हमेशा “दादा” कहकर संबोधित करते थे। मंत्रिमंडल में भी कई बार राज्य के विकास को लेकर चर्चाएं होती थीं।

मंत्री सोनू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि “गुरुजी के समय से ही पार्टी अपने साथियों के परिवार को कभी अकेला नहीं छोड़ती। उसी परंपरा को निभाते हुए आज हम संगठन की ओर से यह संदेश लेकर आए हैं कि पार्टी हर समय रामदास दा के परिवार के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें कभी नहीं छोड़ेगी।”


