गुजरात में मजदूर की संदिग्ध मौत पर बवाल, शव लेकर कंपनी गेट पर धरने पर बैठे परिजन
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स से गुजरात काम करने गए मजदूर साजू केसरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुजरात में उसका शव फंदे से लटका मिला, लेकिन परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश बता रहे हैं. गुरुवार को जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी साजू केसरी का शव पहुंचने के बाद परिजन और स्थानीय लोग कंपनी गेट पर शव रखकर धरने पर बैठ गए.
उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की. मामले को झामुमो आदित्यपुर नगर इकाई का भी समर्थन मिला. झामुमो नेता राजेश लाहा ने कंपनी प्रबंधन पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक परिजनों को न्याय और मुआवजा नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा. खबर लिखे जाने तक कंपनी गेट पर धरना जारी था और प्रशासन मामले को शांत कराने में जुटा हुआ था.

