(बेगूसराय) राष्ट्र संवाद ब्यूरो
प्रखंड के रातगांव पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या एक स्थित अनुसूचित जाति बैठका में नि:शुल्क सार्वजनिक पुस्तकालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन के लिए बेहतर माहौल और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान वैष्णवी सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को अंगवस्त्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह का माहौल देखा गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गांव में पुस्तकालय खुलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और स्कूली बच्चों को काफी लाभ मिलेगा।
समारोह में पंचायत समिति सदस्य महेंद्र ठाकुर, वार्ड सदस्य चंद्रचूड़ पासवान, पूर्व सरपंच राकेश चौधरी महंत, मनोज सिंह बाबा, शिक्षक बबलू पासवान, वात्सल्य भारद्वाज और राजेंद्र सहित कई ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संयोजन और अंत में धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी सत्यजीत सोनू द्वारा किया गया । सत्यजीत सोनू ने कहा कि आज के दौर में गांवों में पुस्तकालय की स्थापना किसी वरदान से कम नहीं है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी बच्चों को घर के पास ही पढ़ाई का शांत वातावरण और उपयोगी पुस्तकें नि:शुल्क उपलब्ध हो सकेंगी।

