लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी यानि सातवें चरण के तहत आज वोट पड़ने शुरू हो गए हैं। इस चरण में 9 जिलों की 54 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं। इस चरण में 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसमें 1.09 करोड़ पुरुष और 97.08 लाख महिला मतदाता हैं। इस चरण में 613 प्रत्याशियों की किसमत का फैसला होग। इसमें 75 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र में भी इसी चरण में मतदान हो रहा है। उधर, चंदौली की चकिया विधानसभा, सोनभद्र की राबर्ट्सगंज और दुद्घी विधानसभा नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। बाकी 51 सीटों पर शाम छह बजे तक मतदान होगा।
मतदान के लिए 9 जिलों में कुल 12210 मतदान केंद्रों पर 23614 बूथ बनाए गए हैं। 548 आदर्श मतदान केन्द्र तथा 81 समस्त महिलाकर्मी मतदेय स्थल बनाए गए हैं। पचास प्रतिशत बूथों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। जौनपुर और गाजीपुर विधानसभा सीट पर 15 से अधिक प्रत्याशी होने के कारण यहां डबल बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। जौनपुर में 25 और गाजीपुर विधानसभा सीट पर 19 प्रत्याशी मैदान में हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस चरण में सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उक्त 9 जिलों में 845 कंपनी केंद्रीय अर्ध सैनिक बल लगाया गया है। इसके अलावा 53424 आरक्षी व मुख्य आरक्षी, 6662 निरीक्षक व उप निरीक्षक तैनात किए गए हैं। रविवार शाम मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई।