
खरकाई किनारे जमा कचरे पर दो माह का अल्टीमेटम, एनजीटी जाने की चेतावनी
*छठ से पहले 35 वार्डों की सफाई और नदी घाट तक रास्ता बनाने की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर, खरकाई नदी किनारे महीनों से जमा सैकड़ों टन कचरे का मुद्दा अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एवं जन कल्याण मोर्चा ने कचरा निष्पादन की स्थायी व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को दो महीने का समय देने की मांग की है। निर्धारित अवधि में समाधान नहीं होने पर एनजीटी के प्रावधानों के तहत जनहित में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को अधिवक्ता ओम प्रकाश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें आदित्यपुर नगर निगम के सभी 35 वार्डों में सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की गई। विशेष रूप से वार्ड-28 में खरकाई नदी किनारे जमा कचरा हटाकर पथ संख्या-7 स्थित छठ घाट तक पहुंचने का रास्ता सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन और रीसाइक्लिंग की स्थायी व्यवस्था को जरूरी बताया। उपायुक्त ने छठ व्रतियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश नगर निगम को दिया। नगर आयुक्त को भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता दीपेंद्र नाथ ओझा, झामुमो नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और अधिवक्ता रिंकू सिन्हा शामिल थे।

