साकची बाजार में ट्रैफिक पुलिस का अभियान, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कसा शिकंजा
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल साकची बाजार में गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल की। ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान की शुरुआत स्ट्रेट माइल रोड और आसपास के बाजार क्षेत्र से हुई। पुलिस टीम ने सड़क किनारे लगे अस्थायी ठेलों और यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाया। वहीं, नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चालान काटा गया तथा कई वाहनों को मौके से हटवाया गया।
अचानक शुरू हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। अतिक्रमण कर कारोबार करने वाले लोगों और गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया। हालांकि अभियान के बाद सड़कें अपेक्षाकृत साफ और चौड़ी नजर आईं, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साकची बाजार में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रोजाना जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसी को देखते हुए राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को चिन्हित कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों को चेतावनी दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला गया।
“नियम सबके लिए समान हैं” : ट्रैफिक डीएसपी
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साकची समेत शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में भी इस तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

