खूंटी में पीएलएफआई के तीन नक्सली गिरफ्तार, बड़ी साजिश को पुलिस ने किया नाकाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर एक बड़ी नक्सली साजिश को विफल कर दिया है। गिरफ्तार नक्सलियों में गेन्द्र बारला उर्फ लादेन, असीम तोपनो और अजित तोपनो शामिल हैं। इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और संगठन के 13 पर्चे बरामद किए गए हैं।
खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर स्थित झंडा टोंगरी इलाके में नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। इनका मकसद क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं और व्यापारियों से लेवी वसूलने सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देना था।
मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें रनिया, कर्रा और जरियागढ़ थाना की पुलिस को शामिल किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर तीनों नक्सलियों को धर दबोचा गया।
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी गेन्द्र बारला पूर्व में जेल से छूट चुका है और बाहर आने के बाद फिर से संगठन से जुड़कर सक्रिय रूप से घटनाओं को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

