गोलमुरी मार्केट की पान दुकान में चोरी, नकदी समेत हजारों रुपये का सामान ले उड़े चोर
जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी मार्केट स्थित एक पान दुकान में रविवार देर रात चोरी की घटना से इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सिगरेट तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान मालिक को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। गल्ले में रखी नकदी, पर्स और कई कीमती सामान गायब थे।
उमेश कुमार के अनुसार, पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद रखे थे, जिसे चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा दुकान में रखी 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। वहीं, गोलमुरी मार्केट के दुकानदारों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

