मानगो के उलीडीह आदर्श नगर में दिनदहाड़े चोरी, 10 लाख के गहने ले उड़े चोर
जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने अंचल रस्तोगी के किराए के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अंचल रस्तोगी सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास लेकर गए थे। कुछ घंटे बाद जब वे घर लौटे तो देखा कि घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला हुआ है। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी की चाबी, जो बैग में रखी थी, गायब मिली और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी हो चुके हैं।
पीड़ित अंचल रस्तोगी ने बताया कि वे महज चार दिन पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आए थे। ऐसे में इतनी जल्दी हुई चोरी की घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
घटना की सूचना तत्काल उलीडीह थाना को दी गई। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट अंचल रस्तोगी ने मामले की जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय थाना प्रभारी से फोन पर बात कर मामले के जल्द उद्भेदन एवं चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से आदर्श नगर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

