राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।प्रखंड के कमलपुर में बैल के घर में घुसकर खाने की शिकायत करने पहुंची महिला की पड़ोसी द्वारा जमकर पिटाई कर दी गई। पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया में भर्ती कराया गया है। इस बावत मिली जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार की रात कमलापुर की रहने वाली शेफाली कैवर्त के घर में अचानक पड़ोसियों का बैल घुस गया और घर में रखे खाना को खा गया। महिला द्वारा इसकी शिकायत जब पड़ोसियों से की गई तो बैल को हटाने के बजाय तीन लोग भूसैल दत्ता, पंकज दत्ता और सोमनाथ दत्ता अचानक आक्रोशित हो उठे और महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी जिससे उसका सर फट गया व शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई। इससे महिला मौके पर बेहोश हो गई। शोर गुल सुनकर महिला के घर के लोग वहां दौड़े आए और किसी प्रकार उसे होश में लाकर उसको लेकर गम्हरिया थाना पहुंच कर शिकायत की। देर रात थाना से महिला को स्वास्थ्य परीक्षण व इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया भेजा गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

