विद्यार्थियों को समाज की जमीनी सच्चाइयों से जोड़ना शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य: डॉ. कविता परमार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नेचर संस्था एवं अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान, बागबेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं के लिए पंचायती राज व्यवस्था, ग्रामीण प्रशासन, स्थानीय संस्कृति एवं सामाजिक अध्ययन पर आधारित दो माह के विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
डॉ. कविता परमार के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं, ग्रामीण प्रशासन, स्थानीय शासन व्यवस्था तथा सामाजिक-सांस्कृतिक वास्तविकताओं से व्यावहारिक रूप से जोड़ना है। इंटर्नशिप के दौरान राजनीति विज्ञान, हिन्दी, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान एवं समाजशास्त्र की छात्राएं क्षेत्रीय अध्ययन, शोध, संवाद और दस्तावेजीकरण के माध्यम से ग्रामीण जीवन को समझेंगी।
डॉ. कविता परमार ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज की जमीनी सच्चाइयों से जोड़ना है। वहीं प्रो. अशोक अविचल और प्रो. रंजीत प्रसाद ने छात्राओं को इंटर्नशिप का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

