नई दिल्ली। आज देश की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे आने हैं, इसमें बंगाल की दो सीटें और महाराष्ट्र, बिहार और छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट शामिल है। उपचुनावों की मतगणना आज यानि शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी और दोपहर तक प्रत्याशियों के हार-जीत को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, जिन लोकसभा और विधानसभा सभा सीट पर इलेक्शन हुए हैं, उनमें लोकसभा की पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट है, जबकि विधानसभा सीटों की बात करें तो इनमें छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और बिहार की एक-एक विधानसभा सीट शामिल हैं। इन सीटों पर गत 12 अप्रैल को मतदान हुआ था.
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से तृणमूल की तरफ से अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा चुनाव मैदान में थे, जबकि बीजेपी की तरफ से अग्निमित्रा पॉल मैदान में हैं। बता दें कि यह सीट बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे से खाली हुई थी। बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। बाबुल सुप्रियो को टीएमसी ने बालीगंज विधानसभा से उपचुनाव लड़ाया है, इस सीट पर बाबुल की टक्कर भारतीय जनता पार्टी की केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सायरा शाह हलीम से है। यह सीट टीएमसी विधायक और ममता सरकार में कैबिनेट मंत्री सुब्रत मुखर्जी के निधन से खाली हुई थी। उधर, छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर बीजेपी और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर है। राज्य के मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने एक बार फिर पूर्व विधायक कोमल जंघेल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी यशोदा वर्मा पर भरोसा जताया है। जनता कांग्रेस पार्टी ने इस उपचुनाव में खैरागढ़ राजपरिवार के दामाद नरेंद्र सोनी को अपना प्रत्याशी बनाया है। उल्लेखनीय है कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। बिहार की बोचहां विधानसभा सीट पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) से डॉक्टर गीता देवी और राष्ट्रीय जनता दल से अमर पासवान प्रत्याशी हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने बेबी कुमारी और कांग्रेस ने तरुण चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट वीआईपी विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के बाद खाली हो गई थी।
उधर, महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट की बात करें तो इस चुनावी क्षेत्र से कांग्रेस ने दिवंगत विधायक चंद्रकांत जाधव की पत्नी जयश्री जाधव को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि बीजेपी ने सत्यजीत कदम पर दांव लगाया है। यह सीट कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन से सीट खाली हुई थी।

