जादूगोड़ा में भूमि माफियाओं के खिलाफ गरमाया मामला, कीमती पेड़ों की अवैध कटाई और प्लॉटिंग का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा।जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राखा कॉपर इलाके में कीमती पेड़ों की अवैध कटाई और भूमि माफियाओं द्वारा अवैध प्लॉटिंग का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। नए सीओ पवन कुमार के मुसाबनी में प्रभार संभालने के बाद वन अधिकार समिति के सचिव विक्रम सिंह ने इस प्रकरण में कार्रवाई की मांग की है।

विक्रम सिंह ने आरोप लगाया कि भूमि माफिया फर्जी कागजात के आधार पर अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। इस दौरान सैकड़ों कीमती पेड़ काटकर गालूडीह क्षेत्र में बेचे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल जेसीबी मशीन को जब्त करने और संचालक को गिरफ्तार करने की जरूरत है।

वन अधिकार समिति ने उपायुक्त से भी मांग की है कि अब तक अवैध कटाई और प्लॉटिंग में शामिल माफियाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। बताया जा रहा है कि इसमें वही भूमि माफिया शामिल हैं जो पहले कुलड़िहा क्षेत्र में भी सरकारी जमीन बेचने के मामलों में लिप्त रहे हैं और अब राखा कॉपर इलाके को अपना नया ठिकाना बना रहे हैं।


