दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लेने बारो पहुंचे एसडीओ नीरज सिन्हा,
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज सिन्हा ने बारो नगर परिषद, बरौनी क्षेत्र में पूजा समिति के स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर पर्व के आयोजन से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बरतने एवं किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर समुचित तैयारी रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार, नगर परिषद बरौनी के कार्यपालक पदाधिकारी श्री रणवीर कुमार, फुलवरिया थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

