पांच साल से अनुपस्थित शिक्षक की सेवा समाप्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
प्राथमिक विद्यालय कुनामार्चा के निलंबित सहायक शिक्षक राजेश रोशन हेम्ब्रम की सेवा समाप्त कर दी गई है। उपायुक्त सह जिला शिक्षा स्थापना समिति के अध्यक्ष नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद शिक्षा विभाग ने सेवा समाप्ति संबंधी पत्र जारी किया है।
विभागीय जांच में शिक्षक को एक मार्च 2020 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाया गया। इस दौरान उपस्थिति पंजी में भी उनके हस्ताक्षर नहीं मिले। निलंबन अवधि में मुख्यालय में योगदान देने के निर्देश का भी अनुपालन नहीं किया गया।
विभाग के अनुसार शिक्षक को पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। उनके स्पष्टीकरण और चिकित्सकीय दस्तावेजों की समीक्षा के बाद उसे साक्ष्यविहीन एवं असंतोषजनक पाया गया। पांच वर्ष से अधिक समय तक बिना सक्षम स्वीकृति कर्तव्य से अनुपस्थित रहने को गंभीर अनुशासनहीनता एवं कदाचार मानते हुए कार्रवाई की गई।

