जादूगोड़ा के रवि राज मुर्मू का राष्ट्रीय पुरस्कार तक का सफर, टाटा स्टील फाउंडेशन ने निभाई अहम भूमिका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा स्थित कुमिरमुड़ी गांव के रवि राज मुर्मू ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित फिल्ममेकर एवं एडिटर रवि की इस यात्रा में टाटा स्टील फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वर्ष 2008 में ज्योति फेलोशिप से जुड़ने के बाद रवि ने मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की और टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल ‘समुदाय के साथ (SKS)’ से फिल्म निर्माण की दिशा में आगे बढ़े। बाद में टाटा स्टील स्कॉलर के रूप में उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से फिल्म निर्माण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया।
रवि ने नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स के लिए भी कार्य किया। वर्ष 2026 में उनकी फिल्म ‘अंगेन’, जो आदिवासी संस्कृति और जीवन पर आधारित है, को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रवि ने अपनी सफलता का श्रेय टाटा स्टील फाउंडेशन के मार्गदर्शन और सहयोग को देते हुए कहा कि उनका सपना झारखंड की जनजातीय कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने वाला प्रोडक्शन हाउस स्थापित करना है।

