लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 10 सितंबर। बंगाल क्लब में गुरुवार को एटक लीगल सेल की प्रेस वार्ता में मजदूरों की सुरक्षा, शोषण और औद्योगिक दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई। लीगल सेल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार महतो ने ठेका मजदूरों के वेतन, रोजगार रिकॉर्ड, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।
टाटा स्टील कलर्स की दुर्घटना पर एटक की मांग
लीगल सेल सचिव गिरीश कुमार सिंह ने टाटा स्टील कलर्स (ब्लूस्कोप) में 21 जून को हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए बताया कि काम के दौरान एक ठेका मजदूर का हाथ कोहनी के नीचे से कट गया था। उन्होंने कहा कि इलाज के साथ मजदूर को वैधानिक मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास का अधिकार मिलना चाहिए।
एटक कोल्हान प्रमंडल के महासचिव अम्बुज ठाकुर ने कहा कि कानून का पालन केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मजदूरों की सुरक्षा में दिखाई देना चाहिए। एटक ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, वैधानिक रिपोर्टिंग, मशीनरी व सुरक्षा मानकों की जांच, ठेकेदार के लाइसेंस, नियुक्ति-वेतन रिकॉर्ड, ईएसआई-पीएफ, मुआवजा और पुनर्वास की जांच की मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी कि उचित समाधान नहीं होने पर श्रम विभाग और न्यायिक मंचों के समक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता में बीरेंद्र कुमार सिन्हा, हीरा अटकने, धनंजय शुक्ला, शशि भूषण कुमार और सूरज कुमार मौजूद थे।
अधिक जानकारी के लिए टाटा स्टील की आधिकारिक वेबसाइट देखें।

