राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। सिंहभूम कॉलेज चांडिल में शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) की ओर से सोमवार को कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया।
छात्रों ने बताया कि कॉलेज में शौचालयों की संख्या विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। बारिश के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है। शौचालयों की कमी के कारण स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। छात्राओं को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य से कॉलेज परिसर में आवश्यकता के अनुसार नए शौचालयों का निर्माण कराने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए मूलभूत सुविधाओं का होना जरूरी है। छात्रों ने उम्मीद जताई कि कॉलेज प्रशासन समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।
मौके पर संगठन के कोषाध्यक्ष समीर कुमार महतो, राजा प्रमाणिक, सत्यजीत प्रमाणिक, अफशा परवीन, अनीता कुमारी, संतोषी महतो, रोहित प्रमाणिक समेत अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

