मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के बाहर छात्रों में चाकूबाजी, एक गंभीर रूप से घायल पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के बाहर बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना घटी, जब मामूली विवाद के बाद दो छात्रों के बीच हुई कहासुनी चाकूबाजी में बदल गई। इस हमले में छात्र तौसीफ खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, तौसीफ की पीठ पर गहरा घाव है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, घटना स्कूल की छुट्टी के बाद हुई जब छात्र बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान तौसीफ और आरोपी छात्र सीढ़ियों से उतरते समय आपस में टकरा गए, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ा कि आरोपी छात्र ने अपने दोस्तों को बुला लिया।
जैसे ही तौसीफ स्कूल के मुख्य गेट से बाहर निकला, आरोपी छात्र और उसके साथी उस पर टूट पड़े। पहले मारपीट की गई, फिर एक युवक ने तौसीफ की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। घायल तौसीफ लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना के बाद स्कूल के बाहर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और छात्रों ने घायल छात्र को पहले पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे टीएमएच रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है। स्कूल के छात्रों, शिक्षकों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रबंधन ने कहा कि घटना स्कूल परिसर के बाहर हुई है, फिर भी वे पुलिस जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

