स्ट्रीट डॉग को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक, एक खोखा कारतूस और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही उसका शस्त्र लाइसेंस भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, छह अक्टूबर को गोली लगने से एक स्ट्रीट डॉग की मौत हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्य जुटाए। इनके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप तिवारी सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है। बताया गया कि नाइट ड्यूटी से लौटते समय कुत्तों ने उसका पीछा किया था। इससे आवेश में आकर उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे कुत्ते की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तालकटोरा पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

