राखा माइंस स्टेशन के आगे स्वर्ण रेखा पुल पर 2 घंटे रुकी स्टील एक्सप्रेस
ओवरहेड तार के टूटने से ट्रेन यात्रियों की अटकी सांस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
टाटानगर से हावड़ा जाने वाली स्टील एक्सप्रेस 12814 रविवार को यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई। राखा माइन्स स्टेशन से छूटने के कुछ देर बाद ही स्वर्ण रेखा ब्रिज पर ओवरहेड तार टूट जाने से ट्रेन करीब 2 घंटे तक बीच ब्रिज पर खड़ी रही। बिजली-पानी बंद होने से गर्मी और उमस में यात्रियों का बुरा हाल हो गया।
*ब्रिज के बीचों-बीच रुकी ट्रेन, मची अफरातफरी*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन जैसे ही स्वर्ण रेखा ब्रिज पर पहुंची, तेज आवाज के साथ ओएचई तार टूटकर गिर गया। इसके साथ ही ट्रेन की बिजली गुल हो गई। इंजन फेल होते ही ट्रेन ब्रिज पर जाम हो गई।
2 घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही बच्चे-बुजुर्ग बेहाल हो गए। यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर झांककर रेलवे कर्मियों से मदद मांगी, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
*यात्रियों में फूटा गुस्सा, “रखरखाव के नाम पर जीरो”*
लेट होने से सैकड़ों यात्रियों की ड्यूटी, इंटरव्यू और जरूरी काम छूट गए। नाराज यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एक यात्री ने कहा, _”रेलवे भाड़ा लेने में सबसे आगे है, लेकिन रखरखाव के नाम पर जीरो है। अगर नियमित जांच होती तो ओएचई तार नहीं टूटता।”_
दूसरे यात्री ने आरोप लगाया कि इस रूट पर आए दिन तकनीकी खराबी होती है, लेकिन रेलवे आंख बंद करके बैठा है।
*उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग*
यात्रियों ने मांग की है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। उनका कहना है कि स्वर्ण रेखा ब्रिज जैसे महत्वपूर्ण सेक्शन में ओएचई की जांच हर 15 दिन में होनी चाहिए।
सूचना मिलते ही रेलवे की ओएचई और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे बाद टूटे तार को जोड़ा गया तब जाकर ट्रेन आगे बढ़ ।
*रेलवे का बयान*
स्टेशन मास्टर ने बताया कि ओएचई तार टूटने की वजह से ट्रेन रोकी गई थी।

