जुगसलाई में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, कई घायल, दो की हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रंग गेट के पास हुई इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सरायकेला से शादी समारोह में शामिल होकर सरजामदा लुपुंगटोला लौट रहे थे, तभी अचानक चालक को झपकी आ जाने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने पहले एक बाइक सवार दंपति को भी अपनी चपेट में ले लिया, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कार में सवार बुजुर्ग, महिला और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी को गंभीर हालत में रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्यों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि ड्राइविंग के दौरान थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

