राहुल गांधी से आदिवासी विधायकों की विशेष बैठक, विधायक सोनाराम सिंकु ने कोल्हान की समस्याओं को उठाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता रामगोपाल जेना
कोल्हान/जगन्नाथपुर राजधानी स्थित 10 जनपथ में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस से जुड़े विभिन्न राज्यों के आदिवासी विधायकों ने भाग लिया। इस बैठक की अध्यक्षता लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं जननायक श्री राहुल गांधी ने की।
बैठक में झारखंड से जगन्नाथपुर के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक श्री सोनाराम सिंकु ने भाग लिया और कोल्हान क्षेत्र समेत पूरे झारखंड में आदिवासियों को दरपेश समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा।
श्री सिंकु ने खासतौर पर भूमि अधिकार, पारंपरिक वन अधिकार, स्थानीय भाषा-संस्कृति की रक्षा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, और रोजगार के अवसरों की कमी जैसे मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कैसे केंद्र सरकार की नीतियों से कभी-कभी आदिवासी समुदाय हाशिए पर चला जाता है और उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन होता है।
विधायक सिंकु ने यह भी मांग की कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समाज कल्याण योजनाओं का पारदर्शी लाभ आदिवासी समुदायों तक सुनिश्चित करें।
राहुल गांधी ने सभी विधायकों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी संसदीय सत्र में आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के आदिवासी विधायक मौजूद थे और सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए।

