सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेगा विशेष जांच अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के लिए 30 मई 2026 को विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों की चयनित पंचायतों में नामित वरीय पदाधिकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
जांच अभियान के दौरान पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, मनरेगा योजनाएं, आवास योजनाएं, स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र, 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्य, कल्याण छात्रावास तथा प्रशिक्षण संस्थानों सहित अन्य विकासात्मक एवं जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के बाद निर्धारित प्रपत्रों में जांच प्रतिवेदन समर्पित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जामताड़ा प्रखंड के दक्षिणबहाल एवं पंजनियां, नारायणपुर के झिलुवा एवं पोस्ता, करमाटांड़ (विद्यासागर) के तरकोजोरी, नाला के जामदेही, फतेहपुर के धसनियां तथा कुंडहित के बाबूपुर पंचायत का निरीक्षण किया जाएगा।
संपूर्ण जांच प्रक्रिया की निगरानी उप विकास आयुक्त द्वारा की जाएगी तथा प्रत्येक शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जांच कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
